तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे स्थित सुनील कुमार की चाय-लिट्टी दुकान में जा घुसा
#धनबाद। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के लोहारबरवा स्थित सर्विस रोड पर रविवार को एक भयावह हादसा हो गया। तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे स्थित सुनील कुमार की चाय-लिट्टी दुकान में जा घुसा। हादसे में चाय दुकान पूरी तरह जमींदोज हो गई और पास खड़ी चार मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि घटना के वक्त दुकान में मौजूद दुकानदार सुनील ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचा ली। दुकानदार के अनुसार, इस दुर्घटना में करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद बरवाअड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर को जब्त कर जांच शुरू कर दी। वहीं, हादसे पर जेएलकेएम नेता हरेन्द्र रजक ने जिला प्रशासन और एनएचएआई की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए सर्विस रोड पर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।







